Tuesday, July 31, 2018

7 वर्षों में 15 हजार पौधे घरों तक पहुंचा चुकी है ग्रीन एंबुलेंस, फोन करने पर पहुंचती है घर

संजीव झांब| फाजिल्का | 30th July 2018  | Dainik Bhaskar, Fazilka Edition Page 1|

पर्यावरण को बचाने के लिए फाजिल्का की ग्रेजुएट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पिछले 7 वर्षों से आनंद उत्सव के नाम पर शुरू किए गए कार्यक्रम के तहत अब तक 15 हजार से अधिक पौधे फाजिल्का व आसपास के क्षेत्रों में लगाए हैं। जंगलात विभाग के आंकड़ों के अनुसार इन पौधों का सक्सेस रेट 50 प्रतिशत से अधिक बताया जाता है। महासचिव नवदीप असीजा ने बताया कि एसोसिएशन द्वारा 7 वर्ष पूर्व आनंद उत्सव के एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन क्षेत्र वासियों के रिस्पांस के चलते गत वर्ष उनके द्वारा 5000 पौधे लोगों के घरों तक पहुंचाए तथा इस वर्ष भी 5000 से ज्यादा पौधे लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य आंका गया है। इस अभियान में पंजाब वन व वन्य जीवन संरक्षण विभाग व जिला प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है।
शनिवार को फाजिल्का में आनंद उत्सव का आगाज फाजिल्का थाना सिटी की पहली महिला प्रभारी लवमीत कौर ने किया। इंजी. असीजा ने बताया कि इस बार भी आनंद उत्सव शहरवासियों की सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है। सभी आठ दिन लोगों द्वारा मनाए जाने वाले जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य अवसरों पर पौधारोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन भी मल्टीपर्पज स्टेडियम में लेक्चरर रवि खुराना के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पौधे लगाए गए। इस अवसर पर खुराना ने अपने द्वारा लगाए पौधों की खुद देखभाल का संकल्प भी लिया।
फाजिल्का की ग्रेजुएट वेलफेयर एसोसिएशन आनंद उत्सव के नाम पर क्षेत्र में सात साल से लगवा रही पौधे, इस साल के आनंद उत्सव का हुआ आगाज
इन जगहों पर लगेंगे आक्सीजन स्टाल
आनंद उत्सव के दौरान लोगों में पौधे वितरित करने के लिए लगाए जाने वाले स्टालों को इस बार आक्सीजन स्टाल का नाम दिया गया है। इंजी. असीजा ने बताया कि यह स्टाल गौशाला रोड पर रिट्रीट कैफे और ऊन बाजार स्थित फाजिल्का ऑनलाइन पर स्थापित किए गए हैं। पौधे लगाने के इच्छुक कोई भी नागरिक इन दो आक्सीजन स्टालों से पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
पौधा चाहिए तो 9303152123 पर करें संपर्क
इस साल के महोत्सव की शुरूआत मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम में पौधा लगाकर की गई। अभियान के तहत वैन शुरू की गई है, जो घरों में जाकर पौधे बांटेगी। पौधे लगाने के इच्छुक नागरिक 9303152123 पर अपना नाम पता लिखवाकर या व्हट्सप करके पौधा लगवाने के लिए ग्रीन एंबुलेंस को बुलवा सकते हैं।
स्टाल का शुभारंभ करने पहुंची मिसेज इंडिया महक
मिसेज इंडिया महक महाजन नंदा ने आनंद उत्सव के दूसरे दिन रविवार को गोशाला रोड व रिट्रीट कैफे पर लगी आक्सीजन स्टाल का रीबन काटकर उदघाटन किया।

No comments: