Friday, January 7, 2011

हमें तो सिर्फ फाजिल्का जिला चाहिए


 Dainik Bhaskar, 7th January 2011
सांझा मोर्चा के सब्र का बांध आखिरकार बुधवार टूट गया। फाजिल्का को जिला बनवाने की मांग को लेकर भाजपा विधायक सुरजीत कुमार ज्याणी व अकाली दल बादल के सर्कल अध्यक्ष जत्थेदार चरण सिंह मरणव्रत पर बैठ गए। इससे पहले चौक घंटाघर में सुखमणि साहिब के पाठ व आर्य समाज की ओर से मंत्रोच्चारण किया गया। सांझा मोर्चा के सदस्य सुंदर आश्रम में एकत्र हुए। वहां से विधायक ज्याणी के नेतृत्व में भारी तादाद में लोगों ने रैली की और चौक घंटाघर में पहुंचे। उधर अकाली दल के सर्कल अध्यक्ष जत्थेदार चरण सिंह जयकारों की गूंज में गुरुद्वारे से मरणव्रत स्थल पर पहुंचे।

वहां उन्होंने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और मरणव्रत पर बैठ गए। इस मौके पर विशाल जनसमूह के बीच विधायक ज्याणी ने कहा कि फाजिल्का के लोगों का कर्ज वह बार-बार मरकर भी नहीं चुका पाएंगे। उन्हें मरणव्रत पर बैठने का कोई शौक नहीं था, बल्कि लोगों की उम्मीदों व भावनाओं से वह खिलवाड़ नहीं कर सकते। इलाके की भावनाओं को अवगत करवाने व सरकार से इलाके का बनता हक लेने के लिए मरणव्रत पर बैठे हैं। अकाली सर्कल प्रधान जत्थेदार चरण सिंह ने कहा कि जिस तरह एक बच्चा अपने बाप से हक मांगता है, आज उसी तरह मंै फाजिल्का को जिला बनाने के लिए मुख्यमंत्री प्रकाश बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल से फाजिल्का को जिला बनाने के लिए मांग करता हुआ फाजिल्का के हितों के लिए मरणव्रत पर बैठा हूं। 

एसजीपीसी के सदस्य जत्थेदार सूबा सिंह ने कहा कि सरकार के कानों तक आवाज पहुंचाने के लिए ऐसा कदम उठाना बहुत जरूरी था। सांझा मोर्चा के अध्यक्ष सुशील गुंबर ने कहा कि फाजिल्का को जिला बनाने के लिए आरंभ किए गया संघर्ष नया नहीं। आजतक किसी सरकार ने उसे बनता हक देने के लिए ध्यान नहीं दिया। इसके कारण आज फाजिल्का के लोगों को अपनी जान कुर्बान करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। 

और कौन-कौन थे साथ

पूर्व विधायक कामरेड महताब सिंह, विधायक की पत्नी निर्मला, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक गुलबद्धर, एडवोकेट जयपाल सिंह संधू, गुरप्रीत सिंह संधू, जत्थेदार रछपाल सिंह संधू, जत्थेदार महिल सिंह राणा, नगर कौंसिल अध्यक्ष अनिल कुमार सेठी, एडवोकेट प्रवीन धंजू, जत्थेदार गुरजंट सिंह चिमनेवाला, मार्केट कमेटी के चेयरमैन अशोक जैरथ, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन महिन्द्र प्रताप धींगड़ा, एडवोकेट उमेश कुक्कड़, अवतार सिंह कमालवाल, मृदुला शर्मा, कंचन शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश सेतिया, महिंद्र सिंह खालसा, मेहर सिंह संधू, मेहर सिंह भंगू, शेर सिंह संधू, राय सुखजीत पाल सिंह एडवोकेट आदि मौजूद थे। 

विपक्ष के पलड़े में पूर्व विधायक रिणवा ने की विधायक ज्याणी की प्रशंसा

फाजिल्का & जिला बनाने की मांग पर विधायक और पूर्व विधायक की दूरी इस कद्र कम हो गई, मानो सावन के महीने में बादल धरती पर झुक गया। कांग्रेस के पूर्व विधायक डा. महिंद्र रिणवा भले की विपक्ष में हैं, लेकिन फाजिल्का को जिला बनाने के मुद्दे पर वह सांझा मोर्चा के साथ दिखाई दिए। बुधवार को उन्होंने भाजपा विधायक सुरजीत ज्याणी के मरणव्रत पर बैठने की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते ज्याणी ने फाजिल्का की जनता से जो वायदा किया था, वह उसे निभा रहे हैं। इसके अलावा रिणवा ने कहा कि अपनी सरकार के रहते उन्होंने भी फाजिल्का को जिला बनाने के लिए आवाज समय-समय पर उठाई। चुंकि नया जिला बनाने की प्रक्रिया लंबी व काफी जटिल होती है, इसलिए ये काम सिरे नहीं चढ़ पाया व समय आने पर पुन: इस सिलसिले में आवाज उठाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाजिल्का अगर जिला बनता है तो इसमें विपक्ष में होने के नाते उनसे जिस किसी भी किस्म के सहयोग की अपेक्षा है, वह करने को तैयार हैं। उन्होंने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा और स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे फाजिल्का को जिला बनाने के हक में नहीं है। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व संपन्न हुई पंजाब कैबिनेट की मीटिंग में फाजिल्का को जिला बनाने का मुद्दा उठाया जाना था, लेकिन मनोरंजन कालिया ने ऐसा नहीं होने दिया।

नए जिलों के चक्कर में फिरोजपुर के और टुकड़े हमें मंजूर नहीं

फिरोजपुर & उप-मंडल फाजिल्का को जिला बनाने की मांग को लेकर निरंतर रोष प्रदर्शन कर रही वहां की जिला बनाओ संघर्ष कमेटी के दबाव में आकर प्रदेश सरकार कहीं जिला फिरोजपुर के और टुकड़े न कर दे, इसके लिए जिला बचाओ संघर्ष कमेटी के आह्वान पर बार एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी और सदस्य वीरवार को कामकाज बंद कर हड़ताल पर रहेंगे। 

बार एसोसिएशन के सचिव मनीश खेड़ा ने बताया कि जिला फिरोजपुर के पहले भी कई टुकड़े हो चुके हैं लेकिन किसी भी राजनेता ने जिले को बचाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि एक बार फिर जिला फिरोजपुर का हिस्सा काट कर फाजिल्का को जिला बनाने की जो योजनाएं तैयार हो रही हैं, उसके विरुद्ध अगर जिला निवासी एकजुट नहीं हुए तो वह दिन दूर नहीं जब यह जिला महज कस्बा बनकर रह जाएगा, क्योंकि पहले भी यहां व्यापार नाममात्र ही है। खेड़ा के अनुसार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष केएस सयाल के नेतृत्व में वीरवार को नगर के समस्त समाजसेवी संगठनों के साथ विशेष मीटिंग की जा रही है जिसके पश्चात जिला बचाओ संघर्ष की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने सभी नगरवासियों को इस संघर्ष में साथ देने की अपील की।

No comments: