Monday, April 25, 2011

महोत्सव शुरू, अब झलकेगी फाजिल्का की विरासत

ग्रेजुएट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से वीरवार रात पांचवें फाजिल्का विरासत महोत्सव की शुरुआत की गई। प्रताप बाग में आयोजित इस चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ सीमा सुरक्षा बल की 67 इनफेंट्री ब्रिगेड के ब्रिगेडियर अरुल डेनिस व नगर कौंसिल अध्यक्ष अनिल सेठी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। एसोसिएशन के संरक्षक डॉक्टर भूपंद्र सिंह, अध्यक्ष एडवोकेट उमेश कुक्कड़, सचिव नवदीप असीजा, शहीद भगत सिंह स्पोट्र्स क्लब के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा वैरड़, डॉक्टर रजनीश कामरा, पंकज धमीजा, रवि खुराना, मनजिंद्र तनेजा, सरकारी सीनियर सेकंंडरी स्कूल (लड़के) के प्रिंसिपल गुरदीप करीर, पम्मी सिंह, राजा राम नागपाल, गायक हैप्पी डिलाइट, संदीप अबरोल, जसविंद्र सिंह चावला, हरमीत सिंह जस्सी आदि मौजूद थे। 

फाजिल्का रतन से नवाजे गुरु

महोत्सव में उन शिक्षकों को फाजिल्का रतन से सम्मानित किया गया। इनमें प्रो. ओपी चावला, कृष्ण शांत और सरहदी गांव दोना नानका के प्राइमरी स्कूल के मुख्याध्यापक लवजीत सिंह व स्कूल स्टाफ को सम्मानचिह्न देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव में गीत के जरिए लोगों को फाजिल्का के इतिहास, धरोहरों और एसोसिएशन की जानकारी देने के लिए घंटाघर साडे फाजिल्का दा, सारी दुनिया विच मशहूर कैसेट को मुख्यातिथि अरूल डेनिस, नगर कौंसिल अध्यक्ष अनिल सेठी व गायक हैप्पी डिलाइट ने रिलीज किया।

पानी बचाने का संदेश

फाजिल्का रोकर टीम की ओर से वंदे मातरम् गाकर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इसके बाद संगीतकार मनजिंद्र तनेजा ने धार्मिक गीत तू मेरा राखा सभनी थांई ने समय बांधा। अबोहर की नाटक मंडली अक्स ने डायरेक्टर सुरेंद्र नरूला के नेतृत्व में कल्पना नुक्कड़ नाटक पेश कर पानी बचाने का संदेश दिया।

जगमगाए घंटाघर, प्रताप बाग

महोत्सव के लिए आयोजित स्थल प्रताप बाग के अलावा अनमोल धरोहर घंटाघर को भी दुल्हन की तरह सजाया गया। घंटा घर चौक पर सैकड़ों की तादाद में दर्शकों ने गीतों का आनंद उठाया और भंगड़ा डाला। नवदीप असीजा ने बताया कि रविवार को वुमन ऑफ फाजिल्का का आयोजन किया जाएगा। जिसमें क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को फाजिल्का रतन से सम्मानित किया जाएगा।

विरासत भवन की प्रदर्शनी की प्रशंसा

महोत्सव दौरान लड़कों के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्थापित फाजिल्का विरासत भवन की ओर से पुरानी वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में पम्मी सिंह की ओर से सजाई गई पुरानी वस्तुओं की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में भारत पाक विभाजन से पूर्व फाजिल्का के जमींदार मुहम्मद सरवर बोदला की ओर से स्कूल के खिलाडिय़ों को वितरित किए पुरस्कार, 1944 की तस्वीरों के अलावा फाजिल्का के इतिहास से संबंधित अनेक तस्वीरों की सभी ने सराहना की। इसके अलावा गीता साफ्टटेक, ज्याणी नेचुरल फार्म की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई।

No comments: