Tuesday, December 28, 2010

विनोद ज्याणी को आर्गेनिक मैन आफ द ईयर अवार्ड

जागरण संवाददाता, फाजिल्का

फाजिल्का के गांव कटैहड़ा निवासी एवं आर्गेनिक फूड के लिए लहर चला रहे विनोद ज्याणी को हरियाणा में आयोजित राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यातिथि अभिनेता धर्मेद्र ने आर्गेनिक मैन आफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया। श्री ज्याणी पिछले 16 साल से सफलतापूर्वक अपने 140 एकड़ फार्म में आर्गेनिक खेती कर रहे हैं।

हरियाणा के जिला रोहतक के गांव अजब में 23 दिसंबर को व‌र्ल्ड आर्गेनिक डे पर आयोजित कार्यक्रम में सिने अभिनेता धर्मेद्र व बाबा रामदेव के साथी आचार्य बालकृष्ण ने उक्त अवार्ड से उन्हें नवाजा। दोनों मेहमानों ने सभी किसानों को ज्याणी से प्रेरणा लेकर केमिकल आधारित खेती की बजाए आर्गेनिक खेती करने के लिए प्रेरित किया। क्योंकि अधिकांश बीमारिया केमिकल खेती के कारण जहरीले होते जा रहे भोजन के कारण पैदा हो रही हैं। उन्होंने किसानों को आर्गेनिक खेती का महत्व जानने के लिए कम से कम एक एकड़ रकबे में आर्गेनिक खेती करने का तजुर्बा करने की सलाह भी दी। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक स्वामी संपूर्णानंद जी थे। श्री ज्याणी के साथ उनकी पत्‍‌नी इंदू ज्याणी को भी सम्मानित किया गया जो आर्गेनिक फूड के प्रति लहर चलाने में अपने पति की हमसफर बनी हुई हैं। इस कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोग शामिल हुए।

No comments: